खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। प्रभारी कलेक्टर रेखा राठौड़ के निर्देशानुसार जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न डेयरी एवं दुग्ध उत्पाद प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर दूध, मावा, घी एवं पनीर के नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
निरीक्षण के दौरान कंचन डेयरी, भाडली (खरगोन) से दूध के दो नमूने, अम्बिका डेयरी उत्पाद, बी.टी.आई. रोड (खरगोन) से दूध के दो तथा मावा का एक नमूना, धनगर दूध डेयरी, बावड़ी बस स्टैंड (खरगोन) से दूध के दो नमूने, नरायण डेयरी, ग्राम पावना (तहसील कसरावद) से दूध के दो तथा घी का एक नमूना, सिंगाजी दूध डेयरी, ग्राम करही (तहसील महेश्वर) से दूध एवं पनीर के नमूने तथा नरायण डेयरी, बड़वाह से दूध का एक नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम, 2011 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठानों के संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने स्पष्ट किया कि जिले में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दूध एवं दुग्ध उत्पादों के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एच.एल. अवास्या तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर.आर. सोलंकी एवं एन.एस. सोलंकी उपस्थित रहे।





