ad
best news portal development company in india

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर सख्त हुई नगरपालिका, सेना महेश पटेल ने स्वयं संभाला मोर्चा

SHARE:

बस स्टैंड से शुरू हुआ विशेष अभियान, महात्मा गांधी मार्ग सहित वार्ड 07 एवं 13 में चला सफाई अभियान

बिलाल खत्री
आलीराजपुर नगरपालिका परिषद आलीराजपुर द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान की आज शुरुआत बस स्टैंड क्षेत्र से की गई। इसके बाद महात्मा गांधी मार्ग सहित वार्ड क्रमांक 07 एवं 13 में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला एवं नगरपालिका अमले के साथ क्षेत्र का सघन भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों, व्यापारियों एवं नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान बस स्टैंड सहित विभिन्न क्षेत्रों में सड़कों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थानों की विशेष साफ-सफाई करवाई गई। कई स्थानों पर जमा कचरे को अध्यक्ष सेना महेश पटेल स्वयं मौके पर खड़ी रहकर साफ करवाती रहीं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अभियान लगातार जारी रहना चाहिए।

अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने व्यापारियों एवं नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सभी अपने प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर डस्टबिन का उपयोग करें। कचरे की थैलियां, प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री नालियों में बिल्कुल न डालें, क्योंकि इससे नालियां जाम होती हैं और सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि नालियों के ऊपर बनाए गए ओटलों के कारण सफाई कार्य में परेशानी आती है। ऐसे सभी ओटले हटाए जाएं अथवा सफाई सुविधा के अनुसार चेंबर की व्यवस्था की जाए, जिससे नियमित सफाई आसानी से हो सके और जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “आलीराजपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगरपालिका द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन जनसहयोग के बिना यह अभियान पूरी तरह सफल नहीं हो सकता। सभी व्यापारी एवं नागरिक अपने प्रतिष्ठानों और घरों के बाहर डस्टबिन रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें। प्लास्टिक, पॉलीथिन एवं अन्य कचरा नालियों में न डालें। आइए, हम सभी मिलकर अपने शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लें और आलीराजपुर को एक सुंदर, स्वच्छ एवं आदर्श नगर बनाने में सहयोग करें।”

नगरपालिका अध्यक्ष एवं जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने कहा, “स्वच्छ और सुंदर आलीराजपुर बनाना हमारी प्राथमिकता है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करें कि सफाई व्यवस्था में कोई कमी न रहे। आवश्यकता पड़ने पर शहर को स्वच्छ रखने के लिए सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। हमारा लक्ष्य नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना है।”
नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें और जनसहयोग से आलीराजपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं आदर्श नगर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *