बिलाल खत्री
आलीराजपुर, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं ग्राम में कचरा संग्रहण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आज ग्राम पंचायत बरझर में ग्राम स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत संघमित्रा गौतम ने की।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, जिला समन्वयक, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ग्राम के जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, स्वच्छता कर्मचारियों, स्वयं सहायता समूह की सदस्यों, सफाई मित्रों, व्यापारी संगठन के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने सहभागिता की।
बैठक में ग्राम की वर्तमान कचरा संग्रहण व्यवस्था, घर-घर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का स्रोत स्तर पर पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट के उचित निपटान तथा ग्राम को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणजनों से स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु सुझाव प्राप्त किए तथा सभी से नियमित रूप से कचरा पृथक्करण करने, निर्धारित वाहन को ही कचरा देने तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने की अपील की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर है। प्रत्येक परिवार की सहभागिता से ही स्वच्छ एवं सुंदर ग्राम का निर्माण संभव है। सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने ग्राम को स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। बैठक का समापन ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों के संकलन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के संकल्प के साथ किया गया।





