खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
नगरपालिका क्षेत्र से बस व रेल द्वारा तीर्थयात्रा का आयोजन,
अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर दी शुभकामनाएं
खरगोन । म.प्र. शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ योजनांतर्गत खरगोन नगरपालिका निकाय क्षेत्र के 29 हितग्राहियों को 03 जुलाई को दोपहर 01 बजे वैष्णो देवी दर्शन यात्रा के लिए रवाना किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा अग्रवाल, एसडीएम सत्येंद्र बैरवा, नगरपालिका अध्यक्ष छाया जोशी एवं उपाध्यक्ष भोलू कर्मा ने हरी झंडी दिखाकर हितग्राहियों को शुभकामनाओं सहित विदा किया।
यात्रा कार्यक्रम के अनुसार सभी हितग्राही खरगोन से बस द्वारा खंडवा पहुंचेंगे, जहां से वे रेल मार्ग से वैष्णो देवी धाम के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के दौरान हितग्राही शहर की सुख शांति एवं समृद्धि की कामना करेंगे।
समस्त हितग्राही 08 जुलाई को वैष्णो देवी से पुनः खरगोन के लिए प्रस्थान करेंगे। इस अवसर पर पार्षद भागीरथ बड़ोले, संतोष वर्मा, महेश वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि सुमित चंदेल तथा ललित राठौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





