शेख़ नसीम | भोपाल
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के निर्देश पर राजधानी भोपाल के प्रमुख और व्यस्ततम चौराहों पर यातायात विभाग द्वारा दोपहिया वाहनों के खिलाफ सघन हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान हेलमेट नहीं पहनने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया जा रहा है।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सुरक्षित वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक और समझाइश भी दी जा रही है।
राजधानी भोपाल के जिंसी सेंटर पॉइंट, प्रभात चौराहा, जेके रोड, परिहार चौराहा (80 फीट रोड), स्टेशन बजरिया, करोंद चौराहे से आगे लांबाखेड़ा रोड, भोपाल टॉकीज, बस स्टैंड चौराहा, डीआईजी बंगला चौराहा, सिंधी कॉलोनी चौराहा, अल्पना तिराहा, भारत टॉकीज चौराहा, बरखेड़ी, पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, चेतक ब्रिज के पास और इकबाल मैदान सहित कई स्थानों पर यह विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान लगातार जारी है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेलमेट का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।





