खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
कलेक्टर व नगरपालिका के अमले ने कुंदा नदी में साफ सफाई के लिए किया श्रमदान
खरगोन। स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत नगर पालिका परिषद खरगोन द्वारा नगर की जीवनदायिनी कही जाने वाली कुंदा नदी को साफ एवं स्वच्छ बनाए जाने की पहल प्रशासनिक स्तर पर शुरू की गई। जिसके अंतर्गत कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देशानुसार 13 दिसम्बर को नगरपालिका परिषद के समस्त पदाधिकारीगण की उपस्थिति में कुंदा नदी किनारे श्रीगणेश मंदिर के सामने कुंदा नदी में जमी गाद को बाहर निकाले जाने की शुरुआत की गई। कुंदा नदी से गाद निकालने की प्रक्रिया निरंतर जारी रखी जाएगी। माह के प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को नगर के समस्त जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं एवं नागरिकों के सहयोग से कुंदा नदी को साफ एवं स्वच्छ रखे जाने का कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा श्रमदान करते हुए नगर के नागरिकों से भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनसहयोग की अपील की गई। इस दौरान उन्होंने कहा कि नदी में जमी गाद को बाहर निकाले जाने के लिए मशीनों का उपयोग भी किया जाएगा। नदी से निकाली गाद किसान ट्रैक्टर के माध्यम से ले जा सकते हैं।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष छाया अरुण जोशी, उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमला कोल, पार्षदगण धीरेंद्रसिंह चौहान, संतोष वर्मा, रियाजुद्दीन शेख, पार्षद प्रतिनिधि दिनेश पाटीदार, डॉ. अरविंद पाटीदार, प्रभारी राजस्व अधिकारी महेश वर्मा, प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र मेढ़ा, उपयंत्री जयपाल जमरे, संजय सोलंकी एवं समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।






