संवाददाता: सलीम खान
मगरखेड़ी (धार)। मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) स्थित ग्राम मगरखेड़ी में रविवार शाम लगभग छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीथमपुर की तरफ से आ रहे बाइक सवार दंपति को एक तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्राले की चपेट में आई महिला
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे महेश नरगावे अपनी पत्नी महाकोर नरगावे (उम्र करीब 40 वर्ष) के साथ बाइक से यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान, एमएच 18 बीजेड 3381 नंबर के एक ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पर पीछे बैठी महिला महाकोर नरगावे निवासी बंजारी, थाना राजपुर, जिला बड़वानी, ट्राले के पिछले टायर की चपेट में आ गईं। इस भीषण दुर्घटना के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक उनका पति महेश नरगावे चला रहा था, जो हादसे के बाद सदमे में है।
ट्राला चालक हुआ फरार
दुर्घटना को अंजाम देने के बाद, ट्राला चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस और एंबुलेंस पहुंची मौके पर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची और यातायात को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद हाईवे एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतिका के शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया और ट्राला चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ट्राले के नंबर के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।






