खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । राज्य निर्वाचन आयोग के सहायक प्रोग्रामर प्रवास जैन ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को बीएलओ ऐप के मैपिंग माड्यूल और एसआईआर माड्यूल का प्रशिक्षण दिया। मैपिंग माड्यूल में विगत पुनरीक्षण की नामावली से मिलान अथवा वंशावली से मतदाता के मिलान की सुविधा दी गई है। एसआईआर माड्यूल पर गणना पत्रक के वितरण और संग्रहण की ट्रैकिंग की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में बीएलओ ऐप के नवीनतम संस्करण का प्रयोग किया जाए।
प्रवास जैन ने बताया कि 4 से 6 नवंबर तक गणना पत्रक संबंधित निर्वाचक या उसके परिवार के सदस्य को दो प्रतियों में अनिवार्यतः दिया जाना है, दूसरी प्रति पर पावती अंकित करनी होगी। घर पर ताला लगे होने की स्थिति पर बीएलओ गणना पत्रक घर के दरवाजे के नीचे से डाल सकते हैं। ट्रैकिंग के लिए गणना पत्रक के वितरण और संग्रहण दोनों की प्रविष्टियां बीएलओ ऐप पर अनिवार्य रूप से किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएलओ परिचय पत्र लगा कर ही फील्ड में जाएं, गणना अवधि में किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लें और पूरी तरह से भरा हुआ गणना पत्रक ही प्राप्त करें।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रताप कुमार अगास्या सहित प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से दो-दो मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए।






