बिलाल खत्री
बड़वानी कलेक्टर जयति सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागृह बड़वानी में नीति आयोग भारत सरकार द्वारा संचालित आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के प्रगति सूचकांकों में सुधार लाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक मे कलेक्टर ने कहा कि आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम केंद्र सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता वाला कार्यक्रम है, जिसका सीधा उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। नीति आयोग भारत सरकार द्वारा पिछड़े क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से देशभर की 500 विकासखंडों को आकांक्षी विकासखंड घोषित किया गया है। बड़वानी जिला एवं विकासखण्ड पाटी इस योजना के अंतर्गत शामिल हैं। इस योजना के विभिन्न घटकों जैसे स्वास्थ्य एवं पोषण ( 30 प्रतिशत ), शिक्षा ( 30 प्रतिशत ), कृषि ( 20 प्रतिशत ), सामाजिक विकास ( 5 प्रतिशत ) और मूलभूत अधोसंरचना ( 15 प्रतिशत ) सम्मिलित किए गए हैं जिसमें प्रगति लाकर क्षेत्र को विकास की मुख्य धारा से जोड़ना है।
बैठक में दिए गए निर्देश
बैठक में कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को संस्थागत प्रसव के प्रतिशत को तेजी से बढ़ाने और एएनसी जांच में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग को अति गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनके पोषण स्तर में सुधार लाने हेतु विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।
परीक्षाओं के परिणाम में गुणात्मक सुधार लाने के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने और कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की दर को न्यूनतम करने के लिए स्कूल-स्तर पर निगरानी और अभिभावकों से सतत संपर्क बनाने पर जोर दिया गया।
कृषि विभाग को किसानों को समय पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूर्ण करने और उन्नत खेती की तकनीकों को किसानों तक पहुँचाने का निर्देश दिया ।
लीड बैंक प्रबंधक से अटल पेंशन योजना,पीएम जन धन योजना,आधार सिडीग आदि के संबंध में चर्चा की।बैठक में जिला पंचायत सीईओ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, उप संचालक कृषि, लीड बैंक प्रबंधक और विकासखंड पाटी के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।






