खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
पीजी कॉलेज में उमंग हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम अंतर्गत हुआ आयोजन
खरगोन । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस खरगोन में उमंग हेल्थ एवं वैलनेस कार्यक्रम के तहत क्रीड़ा विभाग एवं महिला सशक्तिकरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिए “पर्सनल हाइजीन एवं संतुलित आहार” विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया जिसमें स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकीय दल ने छात्राओं को जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

सत्र की वक्ता डॉ. कामिनी पंवार ने छात्राओं को संतुलित आहार से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि कैसे रोज़मर्रा के भोजन में पोषक तत्वों का संतुलन, पर्याप्त पानी का सेवन और नियमित दिनचर्या से स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि छोटी-सी लापरवाही लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। डॉ. किरण डोडवे ने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता (पर्सनल हाइजीन) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने खासतौर से माहवारी के समय अपनाई जाने वाली स्वच्छ आदतों, साफ-सफाई, सुरक्षित साधनों के उपयोग और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि नियमित और सही स्वच्छता आदतें अपनाकर कई गंभीर रोगों से बचाव किया जा सकता है।
डॉ. विनोद पवार ने छात्राओं को “जस्ट आस्क चौट बोट” एप्लीकेशन के बारे में जानकारी दी, जो सरकार द्वारा संचालित है। उन्होंने समझाया कि यह चौटबॉट छात्राओं और युवाओं के लिए एक ऐसा मंच है, जहाँ वे बिना संकोच अपने स्वास्थ्य संबंधी प्रश्न पूछ सकते हैं और वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. वंदना बर्वे, डॉ. रविंद्र बर्वे, डॉ. ललिता बर्गे, प्रो सुदामा ठाकरे और डॉ गणेश पाटिल, कार्यक्रम नोडल अधिकारी डॉ गगन चौधरी सहित अन्य प्राध्यापकगण भी उपस्थित रहे। प्राचार्य डॉ जी एस चौहान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं के आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।






