ad
best news portal development company in india

संस्कृति और श्रद्धा का अद्भुत संगम चल समारोह में दिखा माताजी की प्रतिमा के स्वागत में गूंजा गरबा रास,

SHARE:

बिलाल खत्री
आलीराजपुर। नगर के आमला लाइन क्षेत्र में राठौड़ वीर दुर्गादास गरबा मंडल द्वारा सोमवार को माता जी की प्रतिमा स्थापना के पावन अवसर पर निकाले गए भव्य चल समारोह ने नगरवासियों का मन मोह लिया। परंपरा, संस्कृति और श्रद्धा से ओतप्रोत इस आयोजन में महिला-पुरुषों, बालिकाओं और युवाओं की सहभागिता ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कांतिलाल राठौड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि चल समारोह की शुरुआत कालका माता मंदिर से की गई। यहां से माता जी की ज्योत और ज्वारे विधिवत पूजन के बाद निकाले गए, जो पोस्ट ऑफिस चौराहा, नीम चौक, बस स्टैंड होते हुए आमला लाइन स्थित गरबा पांडाल तक पहुंचे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने चल समारोह मे गराबा रास किया।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि महिलाओं ने पारंपरिक पीली साड़ी पहनकर सिर पर ज्वारे लिए गरबा रास करते हुए यात्रा में भाग लिया। वे तालबद्ध नृत्य करते हुए माता जी के जयकारों के साथ चल रहीं थीं, जिससे समूचा मार्ग श्रद्धा और आस्था के रंग में रंग गया।

चल समारोह में नन्ही बालिकाएं महाराष्ट्रीयन साड़ी’ में सजी हुई पारंपरिक तलवारबाजी और करतबों की प्रस्तुति देती चल रही थीं। इस जीवंत प्रदर्शन ने जनसमूह का ध्यान अपनी ओर खींचा और विशेष आकर्षण का केंद्र बना।

माताजी की प्रतिमा भव्य बग्गी में सजाकर नगर भ्रमण हेतु निकाली, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। वहीं, पुरुषों ने पारंपरिक सफेद वस्त्रों में सजकर अनुशासन और एकरूपता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

पांडाल पहुंचने के बाद, पंडित राजू जोशी के द्वारा विधिपूर्वक माताजी की प्रतिमा की सचिन रामेश्वर द्वारा विशेष रूप से ज्वारों की पूजा-अर्चना कर घटस्थापना की गई। इस दौरान समाजजनों ने मंत्रोच्चारण और पूजा-अर्चना में भाग लेकर वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना कर आरती मे उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता रानी से सुख-समृद्धि की कामना की।
पंचेश्वर रामायण मंडल की शानदार लाइव भजन प्रस्तुति ने, कार्यक्रम को और भी भक्ति मय बना दिया,जिस पर गरबा पांडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह से गरबा रास किया।

नगर के समाजजन, महिला मंडलों और युवा संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने इस आयोजन को न केवल धार्मिक उत्सव बल्कि सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना दिया।

मंडल की ओर से बताया गया कि माता जी की आराधना और गरबा महोत्सव का यह आयोजन पूरे नवरात्रि उत्सव के दौरान प्रतिदिन विविध धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जारी रहेगा।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *