खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । मध्य प्रदेश राज्य आनंद संस्थान द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के लिए 26 अगस्त को एक दिवसीय अल्पविराम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें 55 आशा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में अपने विचार रखते हुए बीएमओ डॉ. शुभम बाला ने कहा कि भौतिक संसाधन कुछ पल सुख देते हैं, खुश होकर कार्य करेंगे तो आनंद महसूस होगा। आनंद विभाग के सत्र के प्रारंभ में परिचय, पंजीयन व संस्थान का परिचय वीडियो रमेश चक्रवर्ती ने दिखाया। केबी मंसारे ने आनंद की ओर से सत्र लिया। इस दौरान उन्होंने आनंद संस्थान का परिचय देते हुए पांच मिनट का शांत समय एवं तीस सेकंड ताली की गतिविधि कराई। उन्होंने स्वयं के आनंद और तनाव मुक्त जीवन जीने तथा सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने के लिए विधियों से अवगत कराया।
अल्पविराम कार्यक्रम के तहत अल्प विराम, आनंद उत्सव, आनंद सभा, आनंदम शिविर, आनंदम केंद्र, आनंद क्लब गठन की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में शासकीय महाविद्यालय झिरन्या प्रो. डॉ अंजु चौहान, कुष्ठ रोग जिला प्रभारी संतोष सिंह, बीई स्वास्थ्य विभाग मुकेश श्रीवास्तव, बीसीएम हरिशंकर कोचक एवं दिलीप रावत, मास्टर ट्रैनर गणेश कानडे और पप्पू यादव उपस्थित थे।