जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री भव्या मित्तल के मार्गदर्शन में विधानसभावार बीएलओ के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसी क्रम में 11 जुलाई को मास्टर ट्रेनरों द्वारा खरगोन, भगवानपुरा एवं भीकनगांव विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को प्रशिक्षण दिया गया। खरगोन के बीएलओ का प्रशिक्षण स्वामी विवेकानंद सभागार कलेक्टर कार्यालय परिसर में, भगवानपुरा के बीएलओ का प्रशिक्षण कन्या महाविद्यालय खरगोन में एवं भीकनगांव विधानसभा के बीएलओ को प्रशिक्षण जननायक टंट्या मामा शासकीय महाविद्यालय भीकनगांव में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण में निर्वाचन से संबंधित अधिकारी, मास्टर ट्रेनर एवं बीएलओ उपस्थित रहे।
इस दौरान प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों द्वारा जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाताओं के नाम दर्ज करने, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन करने, नये मतदाताओं का पंजीयन, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम विलोपित करने की प्रक्रिया एवं संबंधित ऑनलाइन पोर्टल के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।






