ad
best news portal development company in india

खरगोन पुलिस ने अंधेकत्ल का पर्दाफाश किया

SHARE:

जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री

पुलिस ने हत्या की घटना मे शामिल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया,
हत्या की प्लानिंग का मास्टरमाइन्ड मृतक जिस ट्रैक्टर शोरूम पर काम करता था उसका है मालिक,
ट्रैक्टर शोरूम मालिक के मृतक की महिला मित्र से थे अवैध संबंध,
अवैध संबंधों का पता मृतक को लग जाने से की थी जान से मारने की प्लानिंग,
02 आरोपियों को 01-01 लाख व तीसरे को 50 हजार मे दी थी मारने की सुपारी,
मृतक को ग्राहक बन कर आरोपीयो ने बुलाया था पैसे लेने, सुनसान जगह पालोना के जंगल में गमछे से गला दबा कर की थी हत्या,
पुलिस टीम ने कड़ी से कड़ी जोड़ कर किया घटना मे शामिल आरोपियों को गिरफ्तार।

खरगोन। दिनांक 06.05.25 को चौकी हेलापडावा पर सूचना प्राप्त हुई कि, बांस वृक्षारोपण वन विभाग का जंगल ग्राम पलोना मे एक व्यक्ति मृत अवस्था मे पड़ा हुआ है जिसके गले मे गमछा डाला हुआ है । सूचना प्राप्त होने पर तत्काल मर्ग क्रमांक 32/25 धारा 194 BNSS का पंजीबद्ध कर जांच मे लिया गया ।

प्राप्त सूचना पर पुलिस टीम को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया व घटनास्थल पर पहुँच कर वहाँ आसपास सर्चिंग के दौरान पुलिस को एक मोबाईल व एक मोटर साइकल खड़ी दिखाई दी । आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर किसी भी व्यक्ति के द्वारा मृतक की पहचान नहीं हो पा रही थी । पुलिस के द्वारा मृतक के फोटो को सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रसारित किया गया व मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर मृतक की पहचान चेतन पिता राजेन्‍द्र आमोदकर उम्र 32 वर्ष निवासी म.नं. 120 नवनीत नगर, अमरावती रोड, नागपुर हाल अक्षरधाम कॉलोनी बुरहानपुर का होना पाया गया । परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर प्रतित हुआ कि, मृतक का किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा गला घोंट कर हत्या कर दी गई है ।

हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुये पुलिस अधीक्षक खरगोन धर्मराज मीणा के निर्देशन में एवं अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमति शकुन्तला रुहल व अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अनुभाग भीकनगाँव राकेश आर्य एवं थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक नाथुसिंह रंधा व चौकी प्रभारी हेलापडावा उनि रमेशचन्‍द्र गेहलोत के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया जाकर उक्त हत्या की घटना मे शामिल आरोपी को शीघ्र से शीघ्र गिरफ़्तार करने हेतु निर्देशित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जिला खरगोन से एफएसएल टीम, फिंगरप्रिन्ट टीम, सायबर सेल टीम व डॉग स्क्वाड के द्वारा भी घटना स्थल पर निरीक्षण कर मत्वपूर्ण साक्ष्यों का संकलन किया गया साथ ही गठित पुलिस टीम के द्वारा मृतक के बैकग्राउंड व बुरहानपुर से घटनास्थल तक आने की कहानी को जाना ।

विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि, मृतक बुरहानपुर मे एक ट्रैक्टर शोरूम मे काम करता है व वही काम करने वाली अपनी महिला मित्र के साथ रहता है । प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम के द्वारा मृतक की महिला मित्र से जानकारी जुटाई गई जिसमे पता चला कि मृतक चेतन दिनांक 05.05.25 को किसी ग्राहक जिसे ट्रैक्टर खरीदना था उसका फोन आने पर उससे मिलने के लिए गया था जो वापस नहीं आया है ।
प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम के द्वारा ग्राहक की जानकारी जुटाई गई जिसमे जानकारी मिली कि चंदन नाम का व्यक्ति ग्राहक है और मृतक चेतन उसी से मिलने के लिए निकला था । प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने चंदन की तलाश की व उसे अभिरक्षा मे लिया जिसने पुलिस को पूछताछ मे मृतक चेतन को सावंत उर्फ रितेश, खुमसिंग एवं संजय के साथ मिलकर हत्या करने की घटना को स्वीकार किया । चंदन से मिली जानकारी के आधार पर सावंत उर्फ रितेश, खुमसिंग एवं संजय को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने उक्त हत्या की घटना को कारित करना स्वीकार किया । आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है ।

हत्या करने का कारण

घटना के मुख्य मास्टरमाइन्ड सावंत उर्फ रितेश ने पुलिस को बताया कि, बुरहानपुर शहर में उसका एक ट्रेक्टर का शोरूम है जिसपर मृतक चेतन और उसकी महिला मित्र काम करते थे । मेरा चेतन की महिला मित्र से प्रेम प्रसंग हो गया था, हम अकेले मे मिलने लगे थे, जिसकी जानकारी चेतन को लग गई थी । मुझे लगा कि चेतन मुझे बदनाम कर देगा और समाज में मेरी छवी खराब कर देगा ,इस कारण मैने उसकी हत्या करने की योजना बनाई । इस योजना मे मैंने मेरी जान पहचान के खुमसिंग और चंदन को शामिल किया और काम हो जाने पर दोनों को 01-01 लाख रुपये देने की बात कही जिसमे दोनों राजी हो गए थे ।

योजना के अनुसार चंदन ने चेतन को ग्राहक बन कर ग्राम गाडम्बाम के आगे जंगल में बुलाया, मैं अपनी मोटर साइकल से खुमसिंग को साथ लेकर चंदन से मिला और रास्ते मे हमे एक संजय नाम का व्यक्ति मिला जो खुमसिंग का रिश्तेदार था जिसे भी 50 हजार रुपये मे साथ मे शामिल कर लिया । योजना के अनुसार चंदन और संजय एक मोटर साइकल पर चेतन से मिले, चेतन अपनी मोटरसाइकल से आया हुआ था जिसके बाद चंदन और चेतन एक मोटर साइकल से हो गए । पैसे देने के बहाने हम उसे अंदर जंगल में लेकर गए पीछे से मैं और खुमसिंग भी आ गए जिसके बाद हम चारों ने मिलकर चेतन को पकड़ कर उसके ही गमछे से उसका गला दबा कर उसकी हत्या कर दी ।

गिरफ्तार आरोपी का नाम ।

  1. सावंत उर्फ रितेश पिता रामभाउ पाटील मराठा उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम नसीराबाद पोस्ट बसाड तहसील नेपानगर जिला बुरहानपुर हाल तानाजी गेट प्रतापपुरा बुरहानपुर
  2. चन्दन पिता भिका जमरे 34 वर्ष निवासी झांझर हाल दवाटिया थाना निम्बोला जिला बुरहानपुर
  3. खुमसिंग पिता गमला तडोले उम्र 32 वर्ष निवासी झांझर थाना निम्बोला जिला बुरहानपुर
  4. संजय पिता जगन डावर उम 26 वर्ष निवासी पलोना तहसील झिरन्या जिला खरगोन

उक्त प्रकरण मे एसडीओपी भीकनगाँव राकेश आर्य के मार्गदर्शन मे थाना प्रभारी चैनपुर निरीक्षक नाथुसिंह रंधा व चौकी प्रभारी हेलापडावा उनि रमेशचन्‍द्र गेहलोत के नेतृत्व में सउनि चन्द्रकांत महाजन, चौकी हेलापडावा, आर. धमेन्द्र यादव, आर .रितेश पटेल, आर. शशांक चौहान, आर. राहुल आटपाटकर, सायबर सेल खरगोन से आर. सचिन चौधरी का विशेष योगदान रहा ।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई