जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदर
अहमदाबाद से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहा था परिवार, FRV-14 और FRV-11 की टीमों ने सभी को सुरक्षित निकाला।
सरदारपुर। धार जिले के थाना राजोद क्षेत्र के बोरखली में हाईवे पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को एक चलती मारुति सुजुकी एर्टिगा कार में अचानक आग लग गई। कार में सवार सात लोगों के फंसे होने की सूचना मिलते ही डायल-112 की FRV-14 और FRV-11 की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात के अहमदाबाद से एक परिवार उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए जा रहा था। इसी दौरान बोरखली के पास हाईवे पर कार क्रमांक GJ 27 TD 6120 में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना डायल-112 पर मिलते ही थाना राजोद की FRV-14 और थाना सरदारपुर की FRV-11 को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाकर बचाई सात लोगों की जान
मौके पर पहुंची दोनों पुलिस टीमों ने तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। टीमों ने कार में सवार सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जल गई। वाहन में रखे कपड़े, अन्य सामान और करीब 8 हजार रुपये नकद भी आग की चपेट में आकर जल गए।
सभी यात्रियों के सुरक्षित निकलने के बाद उन्हें दूसरे वाहन से उनके घर के लिए रवाना किया गया। घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।
कार में सवार थे सात लोग
कार में जयस पिता मूलजी भाई जोशी (58), भारत भाई करमचंद गोशालिया (59), अपूर्व जयस जोशी (29), कनक जयस जोशी (55), दक्ष भरत गोशालिया (56), अभी भारत गोशालिया (28) और चालक मयूर कुमार बलवंत भाई पटेल (40) सवार थे।
डायल-112 की टीमों का सराहनीय कार्य
इस राहत एवं बचाव अभियान में थाना राजोद की FRV-14 से कांस्टेबल 1125 प्रकाश और पायलट तुलसीराम मेडा तथा थाना सरदारपुर की FRV-11 से कांस्टेबल 1210 सौरभ मोरे और पायलट नितेश बाबेरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीमों ने तत्परता, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी सात यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। डायल-112 की टीमों की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।





