जिला संवाददाता : दिलीप पाटीदार धार
धार। बलराम जयंती (बलराम दिवस) के पावन अवसर पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, जिला धार द्वारा बुधवार, 2 सितंबर 2026 को बलराम कृषि महोत्सव सह मिलेट मेला एवं जैविक प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम, धार तथा कृषि विज्ञान केंद्र, मनावर में किया जाएगा।
आयोजन का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती, मिलेट्स एवं कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी उपलब्ध कराना तथा नई कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है।
महोत्सव के दौरान मिलेट्स से तैयार विभिन्न उत्पाद एवं व्यंजनों के साथ जैविक कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके अलावा कृषि तकनीक एवं नवाचार, कृषि यंत्र एवं उपकरणों की प्रदर्शनी सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को खेती-किसानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। साथ ही शासन की किसान हितैषी एवं लाभकारी योजनाओं की जानकारी भी किसानों को उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को मिलेट्स एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने, आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने जिले के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर कृषि संबंधी नवीन जानकारी प्राप्त करने तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।





