ad
best news portal development company in india

जन आरोग्य समिति की बैठक सम्पन्न, अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के प्रस्ताव

SHARE:

बिलाल खत्री


बड़ी खट्टाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ी खट्टाली में जन आरोग्य समिति की बैठक जिला पंचायत सदस्य रिंकूबाला डावर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में अस्पताल में व्याप्त विभिन्न कमियों, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा शासन की गाइडलाइन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्य रिंकूबाला डावर ने अस्पताल में व्याप्त कमियों की जानकारी चिकित्सकों से ली। उन्होंने कहा कि जिला स्तर से जिन समस्याओं का निराकरण संभव है, उन्हें दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अस्पताल में स्वीकृत पदों के अनुरूप स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के चार पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल दो नर्स ही पदस्थ हैं। इसी प्रकार ड्रेसर का एक पद स्वीकृत होने के बावजूद लंबे समय से पद रिक्त है।

फार्मासिस्ट का पद भी रिक्त है। अस्पताल में अन्य स्वीकृत पदों पर भी कर्मचारियों की कमी बनी हुई है। अस्पताल में प्रतिदिन करीब 100 से 150 मरीजों की ओपीडी रहती है, ऐसे में स्टाफ की कमी के कारण मरीजों एवं अस्पताल प्रबंधन को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

अस्पताल में शौचालय के चोक होने तथा नियमित सफाई व्यवस्था के अभाव का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। इसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने पूर्व में अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं स्टाफ की कमी को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायतें भी दर्ज कराई थीं। उस समय जिला स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा शीघ्र ही रिक्त पदों की पूर्ति किए जाने का आश्वासन देकर शिकायतें वापस करवा ली गई थीं, लेकिन अब तक स्टाफ की कमी दूर नहीं हुई है।
उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा बड़ी खट्टाली में करीब एक करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निर्माण कराया गया है, लेकिन पर्याप्त स्टाफ के अभाव में मरीजों को अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार तथा रिक्त पदों को शीघ्र भरने के संबंध में आवश्यक प्रस्ताव एवं मांग रखने पर सहमति बनी।
बैठक में सरपंच चेनसिह डावर, पंचायत प्रतिनिधि रमेश मेहता, विजय मालवी, मुख्य चिकित्सक डॉ. के.सी. गेहलोत, डॉ. शिवानी, हेड नर्स सुनीता, प्राचार्य के.सी. धार्वे सहित लोक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा विद्युत विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई