संवाददाता : दिलीप पाटीदार राजगढ़
सरदारपुर धार जिले के राजगढ़ क्षेत्र के दलपुरा में फोरलेन के समीप एवं धोबी घाट के पास स्थित शासकीय भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग सरदारपुर स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचे और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अजमेर सिंह गौड़ को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं तत्काल कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में हिंदू समाज ने आरोप लगाया कि संबंधित शासकीय भूमि ईदगाह एवं धार्मिक आयोजनों के लिए आवंटित की गई थी, लेकिन वर्तमान में वहां धार्मिक स्थल की आड़ में कथित रूप से मटन-चिकन की दुकानें संचालित की जा रही हैं। साथ ही, टिन शेड लगाकर नए निर्माण कार्य किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। समाजजनों का कहना है कि यह गतिविधियां भूमि के मूल उद्देश्य और शासकीय नियमों के विपरीत हैं।
समाज ने इस निर्माण को जनहित व न्यायहित में पूरी तरह अवैधानिक बताते हुए तत्काल रोकने और पुराने अतिक्रमण को हटाने की मांग की है। ज्ञापन में यह भी बताया कि जिस स्थान पर यह निर्माण किया जा रहा है, उसके ठीक पास आदिवासी समाज का मांगलिक भवन स्थित है, जहाँ इस प्रकार की मटन-चिकन की दुकानों का संचालन सामाजिक दृष्टिकोण से अत्यंत अनुचित है। इसके अलावा, समीप ही प्रसिद्ध मोहनखेड़ा जैन तीर्थ भी स्थित है, जिसकी पवित्रता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए ऐसे व्यावसायिक व अवैध निर्माणों पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए।
हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो समाज चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अनदेखी से जनआक्रोश बढ़ सकता है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हिंदू समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें जितेंद्र बागड़िया, लखन पंवार, राकेश परवार, चंदन शर्मा, मोतीसिंह राठौड़, गोपाल सोनी, धर्मेंद्र मंडलोई, राकेश सिंगार, नीलेश सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष सोहन पटेल, ओंकारलाल जाट, प्रीतम ठाकुर, चिंटू चौहान, श्रवण राठौड़, शुभम जोक्शन, रोहित यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।





