संवाददाता : दिलीप पाटीदार
दसाई। भक्ति एवं आराधना के पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार, 3 अगस्त को प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी चौधरी मित्र मंडल, दसाई के तत्वावधान में भव्य ‘बोल बम’ पुरुष कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा अमका-झमका माता मंदिर, अमझेरा से प्रारंभ होकर दसाई स्थित राम-रामेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी, जहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना की जाएगी।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष कांवड़ यात्रा का तीसरा वर्ष है। पिछले दो वर्षों की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठेगा।
कांवड़ यात्रा का मुख्य आकर्षण आकर्षक डीजे, पारंपरिक ढोल-नगाड़े तथा भगवान भोलेनाथ की मनमोहक झांकी रहेगी। शिवभक्त भक्ति गीतों और जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक यात्रा में शामिल होकर भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे।
यात्रा की तैयारियों को लेकर हाल ही में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में यात्रा के सुचारु संचालन, अनुशासन, सुरक्षा तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन समिति ने बताया कि कांवड़ियों के लिए फरियाली खिचड़ी, चाय, पेयजल, फल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांवड़ यात्रा के संचालक मनीष चौधरी ने क्षेत्र के समस्त शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास भगवान भोलेनाथ की आराधना का विशेष अवसर है और सामूहिक कांवड़ यात्रा समाज में धार्मिक आस्था, भाईचारे एवं एकता का संदेश देती है।





