उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों, स्वयंसेवकों और पुलिसकर्मियों का हुआ सम्मान; पैरामाउंट स्कूल में आयोजित हुआ गरिमामयी समारोह
संवाददाता सलीम खान कसरावद खरगोन
खरगोन जिले के थाना कसरावद द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” नशा मुक्ति अभियान का समापन समारोह 30 जुलाई को पैरामाउंट स्कूल, कसरावद में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्वेता शुक्ला रहीं।
15 दिनों तक चला जागरूकता अभियान
पिछले 15 दिनों से लगातार चलाए गए इस अभियान के दौरान नगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जन-जागरूकता फैलायी गई। समारोह के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, स्कूल-कॉलेजों में हुए व्याख्यानों और शपथ ग्रहण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित
अभियान को सफल बनाने और नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने में सहयोग देने वाले पत्रकारों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वयंसेवकों, ग्राम सुरक्षा समितियों के सदस्यों और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की जिम्मेदारी: एसडीओपी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्वेता शुक्ला ने कहा कि नशे के खिलाफ जंग केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की। साथ ही आमजन का आह्वान किया कि क्षेत्र में कहीं भी अवैध नशे की खरीद-बिक्री की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
कार्यक्रम का सफल संचालन थाना प्रभारी निरीक्षक इन्द्रेश त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया।
बाइट
श्वेता शुक्ला (एसडीओपी, मंडलेश्वर): “नशा न केवल एक व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह खोखला कर देता है। ‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को सही दिशा दिखाना और समाज को जागरूक करना था। अवैध नशे की सूचना देने वालों की पहचान गुप्त रखी जाएगी।”





