खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
जिला शिक्षा अधिकारी ने हाई स्कूल बलवाड़ी का किया आकस्मिक निरीक्षण,
विद्यार्थियों को परीक्षा तैयारी के दिए महत्वपूर्ण टिप्स, शिक्षकों को गुणवत्ता सुधार के निर्देश

खरगोन । जिला शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र कानुडे ने शुक्रवार को शासकीय माध्यमिक विद्यालय (हाई स्कूल) बलवाड़ी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की दर्ज संख्या 285 के विरुद्ध 211 विद्यार्थी उपस्थित पाए गए। जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यार्थियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए नियमित उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शैलेन्द्र कानुडे ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया तथा अंग्रेजी विषय में ग्रामर, टेंस के प्रकार, डायरेक्ट एवं इनडायरेक्ट स्पीच, निबंध एवं पत्र लेखन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। साथ ही विज्ञान विषय में हृदय, किडनी तथा उनके कार्यों के संबंध में विद्यार्थियों से चर्चा करते हुए परीक्षा की दृष्टि से आवश्यक जानकारी साझा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए विगत तीन वर्षों के प्रश्नपत्रों का नियमित अभ्यास करने की सलाह दी। साथ ही शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति बढ़ाने तथा ई-अटेंडेंस के माध्यम से समय पर उपस्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय में संचालित विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए पात्र विद्यार्थियों को साइकिल वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश प्राचार्य पंचोली को दिए।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक गुप्ता सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित मिला। विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।





