ad
best news portal development company in india

आकांक्षी ब्लॉक कट्ठीवाड़ा एवं उदयगढ़ में शासकीय सेवाओं की समीक्षा, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

SHARE:

बिलाल खत्री
आलीराजपुर, कलेक्टर नीतू माथुर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्टर कक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आकांक्षी ब्लॉक कट्ठीवाड़ा एवं उदयगढ़ में शासन द्वारा संचालित विभिन्न विभागों की सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, कृषि , लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्‍य विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए।

कलेक्टर माथुर ने स्वास्थ्य विभाग को जनपद पंचायत के साथ समन्वय स्थापित कर गर्भवती महिलाओं के ई-केवाईसी संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थागत प्रसव, टीबी प्रकरणों एवं एनसीडी स्क्रीनिंग में आगामी सप्ताह के भीतर उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में भवन, स्टाफ, उपकरण एवं मशीनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए सभी आवश्यकताओं का आकलन कर प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए।

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर पर पंजीकृत गर्भवती महिलाओं एवं कुपोषित बच्चों को दिए जा रहे पोषण आहार की शत-प्रतिशत ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा इसकी साप्ताहिक समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने आकांक्षी विकासखंडों के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए । शिक्षा विभाग की समीक्षा में यू-डायस प्लस पोर्टल पर सभी निर्धारित सूचनाओं की समयबद्ध प्रविष्टि पूर्ण करने, शिक्षकों का डाइट के माध्यम से प्रशिक्षण आयोजित कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा खंड स्रोत समन्वयकों को विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं मध्याह्न भोजन निर्धारित मेन्यू के अनुसार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने जिला कृषि अधिकारी को किसानों के मृदा स्वास्थ्य कार्ड का निर्माण एवं शत-प्रतिशत वितरण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा आकांक्षी विकासखंडों में किए जा रहे नल-जल कनेक्शन कार्यों की साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर माथुर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आकांक्षी ब्लॉकों में शासन की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति की जाए। बैठक में आकांक्षी ब्लॉकों के प्रमुख संकेतकों की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

best news portal development company in india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *