अव्यवस्थाओं से नाराज छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोप; तहसीलदार और पुलिस की समझाइश के बाद खुला ताला
कसरावद : सलीम खान
कसरावद (खरगोन): शासकीय सांदीपनी स्कूल में लंबे समय से व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को विद्यार्थियों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्र-छात्राओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी और प्राचार्य के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्राओं ने प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

प्रशासनिक अमला पहुंचा मौके पर हंगामे की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार मुकेश मचार, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) निगवाल और थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक आक्रोशित विद्यार्थियों से चर्चा की और उनकी समस्याओं को सुना। विद्यार्थियों का स्पष्ट कहना था कि स्कूल में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और प्राचार्य का व्यवहार उचित नहीं है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, आंदोलन की चेतावनी विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और छात्रों ने प्राचार्य के तत्काल स्थानांतरण और निलंबन की मांग की है। अधिकारियों द्वारा जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद विद्यार्थियों ने फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर ताला खोला। हालांकि, छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर प्राचार्य के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो विद्यार्थी परिषद उग्र आंदोलन करेगी।






