झाबुआ। झाबुआ जिले के विभिन्न विभागों से अक्टूबर एवं नवम्बर 2025 में सेवानिवृत्त हुए अधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में आज (13 दिसम्बर 2025 को) कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर कलेक्टर सी. एस. सोलंकी एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ भास्कर गाचले ने की।

शॉल और स्वत्वों के दस्तावेज भेंट कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भास्कर गाचले और जिला पेंशन अधिकारी वैशाली सिसौदिया ने सेवानिवृत्त हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान के साथ ही उन्हें उनके सेवा स्वत्वों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज, जिनमें पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ/जीपीओ) शामिल थे, प्रदान किए गए।
सामाजिक दायित्व पूरे करने का आह्वान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री भास्कर गाचले ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि सेवाकाल के दौरान अर्जित किए गए व्यापक अनुभवों का उपयोग अब समाज के उत्थान एवं जनसेवा के कार्यों में करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सेवा अवधि की व्यस्तता के कारण जो सामाजिक एवं पारिवारिक दायित्व अधूरे रह गए हैं, उन्हें अब निश्चिंत होकर पूरा करने का समय है। दोनों अधिकारियों ने सभी सेवानिवृत्त जनों को उनके आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।

सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी इस अवसर पर विक्रमलाल यादव, रालूसिंह मुनिया, दिनेश जायसवाल, देवेंद्र सिंह चौहान, भरतलाल सोनी, गुमानसिंह मैड़ा, गोवर्धनलाल गेहलोत, महेश श्रीवास्तव, राजेंद्र कुमार सिसोदिया, मनसूर सिंह परमार, जहांगीर खान पठान, कैलाशचंद्र परमार, विलसन एड, गब्बूलाल, संध्या कुलकर्णी एवं उषा मग को सम्मानित कर विदाई दी गई।
कार्यक्रम में कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग झाबुआ, सिविल सर्जन अधिकारी झाबुआ, पेंशन कार्यालय से दिनेश पारगी, कमलेश डोडियार (सहायक पेंशन अधिकारी) सहित जिले में कार्यरत अशासकीय/प्राइवेट पेंशन संघ के प्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन मोना गिदवानी ने सफलतापूर्वक किया, जबकि अंत में जिला पेंशन अधिकारी वैशाली सिसौदिया ने सभी अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।






