खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
दिव्यांग विद्यार्थियों ने दिखाया अदम्य साहस और प्रतिभा
खरगोन। विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर 03 दिसंबर को विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों के लिए उत्कृष्ट विद्यालय खरगोन के खेल मैदान और सभागृह में खेलकूद, साहित्यिक, सांस्कृतिक, नृत्य, गायन, वादन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में दिव्यांग विद्यार्थियों ने उत्साह, अदम्य साहस और शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा दिखाई। विश्व दिव्यांग दिवस पर प्रातः कालीन आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष भोलू कर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और दिव्यांग विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने कहा कि यह दिन हमें दिव्यांगजनों के समान अधिकारों और सम्मान के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी की याद दिलाता है। इन बच्चों ने जिस जोश, जज्बे और जुनून के साथ प्रदर्शन किया है, वह हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। विशेष अतिथि श्री कर्मा ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से इन बच्चों को आत्मविश्वास और समाज में समावेशन की भावना को मजबूत करने का अवसर मिलता है। खेलकूद प्रतियोगिताओं में दिव्यांग विद्यार्थियों ने अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया। यह आयोजन न केवल दिव्यांग विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करता है, बल्कि समाज को यह संदेश भी देता है कि योग्यता अवसरों की मोहताज नहीं होती।
समापन अवसर पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रंगोली प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 श्रेणी में फिरा जमरे और कक्षा 1 से 8 श्रेणी में निहारिका राठौड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 9 से 12 श्रेणी में नेहा यादव और 1 से 8 श्रेणी में अनिल बर्डे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। एकल गायन प्रतियोगिता में राहुल घनश्याम तथा समूह गायन में राहुल व समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालक रेस में श्रवण बाधित कक्षा 11 और 12 श्रेणी में सुनील राजाराम और कक्षा 9 और 10 श्रेणी में अंकित जगदीश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालिका रेस में श्रवण बाधित कक्षा 9 से 12 श्रेणी में फिरा जमरे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मानसिक दिव्यांग श्रेणी में 50 मीटर रेस में बालक वर्ग में रोहित भंगा और बालिका वर्ग में निशा महादेव विजेता रहे। श्रवण बाधित श्रेणी में 50 मीटर रेस में बालक वर्ग में गोविंद मदन और बालिका वर्ग में आंचल मुकेश विजेता रहे। 25 मीटर श्रवणबाधित बालक वर्ग में कृष्णा शिवराम, बालिका वर्ग में नंदिनी सुभाष, दृष्टिबाधित बालक वर्ग में कार्तिक राजकुमार और बालिका वर्ग में हिना लोकेश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। गोला फेंक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कक्षा 5 से 8 श्रेणी में गोविंद मदन, कक्षा 9 से 10 श्रेणी में रिनकेश सिंह और बालिका वर्ग में कक्षा 5 से 8 श्रेणी में कंचन विजेता रहे। भाला फेंक प्रतियोगिता में बालक वर्ग में कक्षा 9 से 10 श्रेणी में अंकित चौहान और कक्षा 11 से 12 श्रेणी में सुनील सोलंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी शैलेंद्र कुमार कानुडे, उपसंचालक सामाजिक न्याय धर्मेंद्र गांगले, जिला परियोजना अधिकारी खेमराज सेन, सहायक संचालक सोनालिका अचाले, क्रीडा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नगर पालिका परिषद जगदीश सोलंकी एवं सर्व शिक्षा अभियान के एपीसी प्रदीप सोलंकी उपस्थित रहे।






