खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन । राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वच्छता पखवाड़ा अंतर्गत 25 सितंबर को शिव शक्ति मैरिज गार्डन में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन एवं महिला बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से जोड़कर महिला जागरूकता संवाद पर केंद्रित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बालकृष्ण पाटीदार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कलेक्टर भव्या मित्तल ने उपस्थित नारी शक्ति को संबोधित करते हुए जीवन में हंसी, आत्म-शांति एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने का संदेश दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने पोषण माह-2025 की थीम और स्वास्थ्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। शिविर में स्वाति शर्मा ने जुंबा व चुंबकीय गतिविधि करवाई, वहीं व्यंजन एवं पोषण प्रदर्शनी का भी आयोजन हुआ जिसकी नगर पालिका अध्यक्ष ने सराहना की। प्रतिभागियों ने पोस्टर प्रतियोगिता में भाग लिया और विजेताओं को सम्मानित किया गया। सुनीता पाटीदार ने संयम एवं ध्यान को जीवन का अंग बनाने पर बल दिया। साइबर एक्सपर्ट दीपक तलवारे द्वारा थर्ड पार्टी लिंक पर क्लिक नहीं करने के बारे में बताया गया, उन्होंने यह भी बताया कि अपना मोबाइल नंबर ही हमारी कुंजी है ओटीपी कहीं शेयर नहीं करें। डॉ हितेश मुजाल्दे, बाल रोग विशेषज्ञ द्वारा बालिका की जीजिविषा के बारे में बताया गया उनके द्वारा सिकल सेल एनीमिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
शिखा बजाज ने सुदर्शन क्रिया का अभ्यास करवाया। इसके साथ ही एडिशनल एसपी शकुंतला रूहल, अनीता शुक्ला, कृषि वैज्ञानिक, ममता गोयल एवं अन्य विशेषज्ञों व जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर मोटे अनाज से बने व्यंजन प्रदर्शित किए गए और रस्सीकूद, रस्साकशी, चेयर रेस व बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।






