खरगोन जिला ब्यूरो इक़बाल खत्री
खरगोन। कलेक्टर भव्या मित्तल ने राजस्व विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सर्वप्रथम कलेक्टर भव्या मित्तल ने राजस्व अमले को 87.91 प्रतिशत के साथ “A” ग्रेड और प्रथम रैंक प्राप्त करने पर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने विकासखण्ड वार सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा की और राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि 50 व 100 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने कहा कि मौके पर अधिकारी जाएं सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से संतुष्टिपूर्वक बंद कराएं। तहसीलदारों के पास कोई शिकायत ऑर्डर पर हो तो उसका शीघ्र निराकरण करा लें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया की जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से बैठें और आने वाले शिकातकर्ताओं का त्वरित निराकरण करें। मांग आधारित शिकायतों का चालू माह में ही निराकरण किया जाए।

कलेक्टर ने जिले के सभी 65 वनग्रामों में शिविर आयोजित कर छूटे हुए नामांतरण प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन को प्राथमिकता से किया जाए। इस दौरान उन्होंने Igot कर्मयोगी ऐप पर सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को प्रशिक्षण कोर्स पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। कोई भी प्रकरण पोर्टल पर दर्ज होने से नहीं छुटना चाहिए। पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाए।
बैठक में अपर कलेक्टर रेखा राठौर, सहायक कलेक्टर जामदार फरहान इरफान, संयुक्त कलेक्टर हेमलता सोलंकी, डिप्टी कलेक्टर प्रताप कुमार अगास्या एवं लोकेश छापरे सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।






