कलेक्टर ने शाहपुरा, बोरगांव, बैजापुर में पपीता एवं स्वीट कार्न मक्का खेती का किया निरीक्षण

Jansampark Khabar
0


स्वीट कार्न मक्का की खेती कर बैजापुर के किसानों ने दिखाई नई राह,



इक़बाल खत्री 

कम समय में कमाया अधिक मुनाफा, अन्य किसानों के लिए बने प्रेरणा स्त्रोत।

            खरगोन।  कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल ने 09 अप्रैल को गोगांवा विकासखण्ड के ग्राम शाहपुरा, बोरगांव एवं बैजापुर का भ्रमण कर पपीता एवं स्वीट कार्न मक्का की खेती का निरीक्षण किया और किसानों से चर्चा की। इस दौरान उप संचालक कृषि  एसएस राजपूत, सहायक संचालक प्रकाश ठाकुर एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे। 


     कलेक्टर सुश्री मित्तल ने शाहपुरा एवं बोरगांव में पपीता के खेतों को देखा और किसानों से पपीता उत्पादन के संबंध में जानकारी ली। किसानों द्वारा बताया गया कि उद्यान विभाग की सलाह पर उनके द्वारा पपीते की खेती की जा रही है। इससे उन्हें कम समय में अधिक आय हो जाती है। इसके पश्चात उन्होंने ग्राम बैजापुर में जयराम चौहान, संतोष चौहान, मोहन सिसोदिया के खेतों में स्वीट कार्न मक्का की फसल को देखा। उन्होंने किसानों से स्वीट कार्न मक्का की खेती एवं इसके बाजार के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि जिले में स्वीट कार्न मक्का की खेती का रकबा बढ़ाने के लिए सार्थक प्रयास करें। 


     उल्लेखनीय है कि ग्राम बैजापुर के किसान जयराम चौहान द्वारा रबी सीजन में अपने 07 एकड़ खेत में स्वीट कार्न मक्का की फसल लगाई गई है। जयराम ने अपने खेत में स्वीट कार्न मक्का की बुआई डीप के साथ फर्टिगेशन पद्धति से की थी। इस पद्धति से एक एकड़ खेत में 16 हजार पौधे लगाये गये थे। ग्राम बैजापुर के किसान संतोष चौहान एवं मोहन सिसोदिया ने भी नवीनतम तकनीक का उपयोग कर अपने खेतों में स्वीट कार्न मक्का की फसल का उत्पादन किया है और उन्हें भी कम समय में अच्छा खासा मुनाफा हुआ है।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)