महाविद्यालयो को लेकर क्षेत्रवासियों की वर्षो पुरानी मांग हुई पूरी

Jansampark Khabar
0



इक़बाल खत्री 


            लोकसभा सांसद गजेन्द्र सिंह पटेल के प्रयासों से बलवाड़ी और भगवानपुरा में शासकीय महाविद्यालयों के लिए 30 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत, क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी।



            खरगोन। बड़वानी  - खरगोन लोकसभा क्षेत्र के युवाओं के लिए एक अत्यंत हर्ष का विषय है कि संसदीय क्षेत्र खरगोन बड़वानी के दो बलवाड़ी (जिला बड़वानी) और भगवानपुरा (जिला खरगोन)—में शासकीय महाविद्यालयों के निर्माण के लिए मध्यप्रदेश शासन द्वारा 30 करोड़ रुपये से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। यह ऐतिहासिक उपलब्धि सांसद  गजेन्द्र सिंह पटेल के निरंतर प्रयासों और जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी मजबूत पहल का प्रत्यक्ष परिणाम है।


            सांसद श्री पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि बलवाड़ी में शासकीय महाविद्यालय निर्माण हेतु ₹1486.44 लाख तथा भगवानपुरा में महाविद्यालय निर्माण हेतु ₹1489.69 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। वर्षों से क्षेत्रवासी इन स्थानों पर महाविद्यालयों की मांग कर रहे थे, जो अब साकार हो रही है। इससे स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, और उन्हें दूरस्थ स्थानों पर जाने से भी राहत मिलेगी।


           स्वीकृति के बाद सांसद श्री पटेल ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उच्च शिक्षा एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदरसिंह परमार का संसदीय क्षेत्र की जनता की ओर से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जो आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।


            सांसद ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'शिक्षित भारत - विकसित भारत' के विजन को साकार करने की दिशा में यह निर्णय मील का पत्थर सिद्ध होगा। आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments
Post a Comment (0)