मध्य प्रदेश सरकार तीर्थ दर्शन योजना की दोबारा शुरुआत कर रही है। पहली ट्रेन मंगलवार को 974 यात्रियों को लेकर काशी विश्वनाथ की यात्रा पर जाएगी। ट्रेन रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी।
तीर्थ दर्शन योजना को लेकर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर करेंगी। विशिष्ट अतिथि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं प्रभारी भोपाल भूपेंद्र सिंह और चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग होंगे।
पहली तीर्थ-दर्शन यात्रा में 974 यात्री यात्रा करेंगे। इसमें भोपाल से 617, विदिशा, रायसेन और सीहोर से 51-51 यात्री शामिल होंगे। सागर से 102 यात्री, दमोह और टीकमगढ़ से 51-51 यात्री तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। इन तीर्थ यात्रियों को रेलवे स्टेशन तक लाने और वापस छोड़ने की व्यवस्था कलेक्टर करेंगे।
तीर्थ-यात्रा में संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर भी तीर्थ-यात्रियों के साथ जाएंगी। तीर्थ-यात्रियों को वाराणसी में भगवान विश्वनाथ के दर्शन के साथ संत रविदास और संत कबीर दास के जन्म-स्थल के दर्शन भी करवाए जाएंगे। साथ ही यात्रा से लौटते समय भगवान विश्वनाथ का स्मृति-चिन्ह भेंट किया जाएगा। तीर्थ-यात्रियों की वापसी 22 अप्रैल को होगी। तीर्थ-यात्रा के दौरान ट्रेन में भजन मंडली भी रहेगी।
यात्रा के दौरान तीर्थ-यात्रियों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। रेलवे स्टेशन पर तीर्थ-यात्रियों को तुलसी की माला पहनाकर ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया जाएगा। स्टेशन पर स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।
यात्रा के दौरान सरकार की ओर से यात्रियों को आवास, चाय, नाश्ता, भोजन के साथ फलाहार की व्यवस्था भी कराई जाती है। यात्रियों की देखभाल एवं सुविधा के लिए सरकार की तरफ से एक डॉक्टर एवं सहायक (दवाईयों सहित) की भी व्यवस्था की जाती है।